दूधली मार्ग पर देर रात बारिश के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। सड़क पर फिसलन के कारण दिल्ली नंबर की एक निजी कार अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गई, कार खाई में गिरने के बजाय एक पेड़ पर अटक गई, जिससे उसमें सवार दो युवकों की जान बच गई, हादसे में देहरादून निवासी दोनों युवक घायल हुए हैं, उन्हें सुबह ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
रास्ता भटकने के बाद दूधली मार्ग पर पहुंचे युवक
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों युवक रास्ता भटकने के कारण दूधली मार्ग पर पहुंच गए थे, देर रात बारिश हो रही थी और सड़क पर काफी फिसलन थी, इसी दौरान चालक का कार से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क से बाहर चला गया, गनीमत रही कि कार सीधे नीचे खाई में गिरने के बजाय रास्ते में मौजूद एक पेड़ पर अटक गई, यदि कार पेड़ पर नहीं रुकती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
Also Read – त्योहारों से पहले उत्तराखंड में मिलावट और जमाखोरी पर सख्ती, जिलों में जांच अभियान तेज
रातभर दुर्घटनास्थल पर पड़े रहे घायल
हादसे के बाद दोनों युवक रातभर दुर्घटनाग्रस्त कार के पास ही पड़े रहे, सुबह दूधली गांव के ग्रामीणों की नजर पेड़ पर अटकी कार पर पड़ी, ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी, सूचना मिलने के बाद मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की सहायता से उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, अस्पताल में दोनों का इलाज किया जा रहा है, पुलिस के अनुसार, हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दूधली मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है, ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग कई जगहों पर काफी ढालदार है और सड़क के किनारे पर्याप्त सुरक्षा रेलिंग नहीं लगी है, बरसात के दौरान सड़क पर फिसलन बढ़ने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है, ऐसे में संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से वाहन चालकों के लिए जोखिम बना रहता है।
Also Read – पटना में छात्रों के प्रदर्शन पर लाठीचार्ज: रोहिणी आचार्य ने बिहार सरकार पर साधा निशाना
सुरक्षा रेलिंग और सड़क सुधार की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से दूधली मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा रेलिंग लगाने, सड़क की स्थिति सुधारने और बरसात के मौसम में अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाएं तो भविष्य में इस तरह के हादसों को टाला जा सकता है, देर रात हुए इस हादसे में कार के खाई में गिरने के बजाय पेड़ पर अटक जाने से एक बड़ा हादसा टल गया हालांकि, दोनों युवक घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में उपचार जारी है, घटना ने एक बार फिर पहाड़ी और ढालदार मार्गों पर बरसात के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग तथा सड़क सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को सामने ला दिया है।
