त्योहारों के मद्देनजर उत्तराखंड सरकार ने खाद्य पदार्थों में मिलावट, जमाखोरी और खाद्य मानकों के उल्लंघन के खिलाफ जिला स्तर पर विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सभी जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी मंडलायुक्तों को सौंपी गई है, सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला प्रशासन और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीमों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और नियमों का उल्लंघन मिलने पर दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए, जांच के दौरान एक्सपायरी या खराब खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य पदार्थों के साथ चीनी और एलपीजी की भी जांच
विशेष अभियान का दायरा केवल खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच तक सीमित नहीं है, अधिकारियों की टीमें चीनी की संभावित जमाखोरी और घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की भी जांच कर रही हैं, सरकार का उद्देश्य त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा अवैध जमाखोरी और नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई करना है।
Also Read -पटना में छात्रों के प्रदर्शन पर लाठीचार्ज: रोहिणी आचार्य ने बिहार सरकार पर साधा निशाना
जिलों में अब तक हुई कार्रवाई
चमोली
चमोली में जांच टीमों ने तीन खाद्य नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा। एक्सपायरी डेट की सामग्री मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए और संबंधित खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया, इसके अलावा दो कंपनियों के उत्पादों की लेबलिंग और पैकेजिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। संबंधित निर्माताओं को नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों का निरीक्षण किया गया और छह खाद्य नमूने लिए गए। छह दुकानों पर एक्सपायरी डेट की सामग्री मिलने के बाद दुकानदारों को चेतावनी दी गई और खराब सामग्री को नष्ट कराया गया।
अल्मोड़ा
अल्मोड़ा में दो मिठाई उत्पादों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
बागेश्वर
बागेश्वर में आठ व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर तीन खाद्य नमूने लिए गए।
पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ में जांच अभियान के दौरान दो खाद्य नमूने लिए गए।
चंपावत
चंपावत में विशेष जांच अभियान 1 अगस्त से जारी है। अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें से 10 स्थानों से नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जबकि सर्वे के लिए तीन अतिरिक्त नमूने लिए गए हैं।
देहरादून
देहरादून में सोमवार को 11 खाद्य नमूने एकत्र किए गए। तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए चेतावनी दी गई, 1 अगस्त से अब तक जिले में 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है और 48 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं, सर्वे के लिए 20 अतिरिक्त नमूने भी लिए गए, इसके अलावा 11 दुकानदारों को सुधार संबंधी नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि एडीएम कोर्ट में चार मामले दर्ज कराए गए हैं।
हरिद्वार
हरिद्वार में विशेष अभियान 17 अगस्त से चलाया जा रहा है। अब तक 47 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 27 खाद्य नमूने लिए गए हैं, नियमों के उल्लंघन के मामलों में 10 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं और विभिन्न अदालतों में चार मामले दर्ज कराए गए हैं।
त्योहारों में उपभोक्ताओं की सुरक्षा पर जोर
त्योहारों के दौरान मिठाई, दूध से बने उत्पादों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में मिलावट और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की ओर से निगरानी बढ़ाई गई है, सरकार के निर्देशों के तहत जिलों में जांच अभियान जारी रहेगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील: उपभोक्ता खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी पैकेजिंग, एक्सपायरी डेट और लेबल की जानकारी जरूर जांचें, संदिग्ध या खराब खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें।
