बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार को तेज बारिश के बीच बड़ा सड़क हादसा हो गया। मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा के पास रामनगर की ओर से आ रहे डंपर ने सामने से आ रही ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।जानकारी के मुताबिक, डंपर संख्या BR 28GB 9563 ने ऑल्टो कार संख्या UP 32CD 0221 में जोरदार टक्कर मारी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग कार के अंदर फंस गए।हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे में मोहम्मद शरीफ (51), तबस्सुम बानो (लगभग 45), साजिया खातून (31) और उजैम (33) की मौत हो गई। सभी मृतकों के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।वहीं हादसे में 7 वर्षीय हुदा, पुत्री मोहम्मद शरीफ, घायल हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही मसौली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा तेज बारिश के दौरान हुआ।इस दुर्घटना ने एक बार फिर गोंडा रोड पर सड़क सुरक्षा और लगातार हो रहे हादसों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के चलते पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान

बाराबंकी में हुए सड़क हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायल बच्ची का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।मुख्यमंत्री ने घायल बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और डंपर चालक की भूमिका को लेकर भी पुलिस की पड़ताल जारी है।
