लखनऊ। रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश की महिलाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों के लिए सरकारी बसों में तीन दिनों तक मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (IGP) में सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री इस योजना की शुरुआत करेंगे। सरकार के इस फैसले से बड़ी संख्या में महिला यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
60 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की सभी बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने की योजना है।इस सुविधा का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं के आवागमन को आसान बनाना और उन्हें सार्वजनिक परिवहन में आर्थिक राहत उपलब्ध कराना है। योजना लागू होने के बाद पात्र महिला यात्री परिवहन विभाग की बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी।
रक्षाबंधन पर 3 दिन सरकारी बसों में फ्री यात्रा
रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश की सभी महिलाओं के लिए भी खास व्यवस्था की गई है। तीन दिनों तक सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।इस दौरान माताएं, बहनें और बेटियां बिना किराया दिए परिवहन निगम की बसों से यात्रा कर सकेंगी। रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और रिश्तेदारों के घर जाती हैं। ऐसे में सरकार की यह पहल त्योहार के दौरान उनके सफर को आसान बनाने में मदद करेगी।
हर दिन 88 हजार से ज्यादा महिला यात्रियों को लाभ का अनुमान
सरकार की इस व्यवस्था से प्रतिदिन 88 हजार से अधिक महिला यात्रियों को लाभ मिलने का अनुमान है। रक्षाबंधन के दौरान बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने को देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से विशेष तैयारियां भी की जा रही हैं।मुफ्त यात्रा की सुविधा से महिलाओं को त्योहार के दौरान अतिरिक्त किराये का बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
महिलाओं के लिए योगी सरकार का डबल गिफ्ट
रक्षाबंधन पर योगी सरकार की ओर से महिलाओं को दोहरी सौगात के तौर पर इस पहल को देखा जा रहा है। एक तरफ 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए आजीवन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ रक्षाबंधन के अवसर पर सभी महिलाओं के लिए तीन दिन तक सरकारी बसों में मुफ्त सफर की व्यवस्था की जा रही है।सरकार का कहना है कि इस तरह की योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं की सुविधा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
IGP में होगा योजना का शुभारंभ
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के शुभारंभ के लिए लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सुबह 10 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में योजना का शुभारंभ करेंगे।रक्षाबंधन के मौके पर सरकार की इस घोषणा को प्रदेश की महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
