रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा योजना का शुभारंभ किया। इसके साथ ही रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को तीन दिनों तक मुफ्त बस यात्रा की सुविधा भी दी जा रही है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गाजीपुर के राइफल क्लब में आयोजित कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को निशुल्क रोडवेज यात्रा की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और उनके योगदान की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।nजयप्रकाश इंटरनेशनल की जमीन निजी कंपनियों को लीज पर दिए जाने के सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सवाल पर राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार की खाली जमीन पर उद्योग और रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं तो इसमें गलत क्या है। उन्होंने कहा कि जमीन खाली पड़ी रहने के बजाय उससे युवाओं को रोजगार मिलना ज्यादा बेहतर है।
अखिलेश यादव के उस बयान पर भी राजभर ने निशाना साधा, जिसमें उन्होंने उनके चाचा को गुंडई की खुली छूट देने का आरोप लगाया था। राजभर ने कहा कि जिस दिन से अखिलेश यादव के चाचा ने आजम खान को गृह मंत्री बनाने की बात कही है, उसके बाद उनके समर्थकों में उपद्रव की प्रवृत्ति दिखाई दे रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर मुसलमानों ने चार बार अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने में भूमिका निभाई है, तो अब सपा को मुसलमान को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर देना चाहिए।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजभर ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि कभी समाजवादी पार्टी ने गाजीपुर की सभी सात विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी और इसमें उनकी पार्टी की भूमिका थी। अब 2027 में इन्हीं सीटों पर सपा को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने आजमगढ़ की दस सीटों को लेकर भी इसी तरह का दावा किया।
समाजवादी पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि पिछली सपा सरकार में अपराधियों को संरक्षण मिलता था और थानों में मुकदमे तक दर्ज नहीं किए जाते थे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में अपराध के मामलों में कार्रवाई हो रही है और कई मामलों में सपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं।
आर्थिक आरक्षण की मांग पर राजभर ने कहा कि आरक्षण का मूल उद्देश्य समाज के उन लोगों को आगे लाना है, जो विकास की मुख्यधारा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ वास्तव में जरूरतमंद और पिछड़े लोगों तक पहुंचना चाहिए, ताकि पिछली पंक्ति में खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में लाया जा सके।
