देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के हर घर में सरकारी नौकरी देने के दावे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के इस वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस पार्टी ने देश में करीब 60 साल तक शासन किया, उसके कार्यकाल में लोगों ने देखा है कि रोजगार के क्षेत्र में कांग्रेस ने कितना काम किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड में भी कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रही, लेकिन उसके शासनकाल में प्रदेश को भर्ती घोटालों और भ्रष्टाचार के लिए जाना गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में युवाओं के हितों की अनदेखी हुई और भर्तियों में अनियमितताओं के मामले सामने आते रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के हर घर सरकारी नौकरी देने के दावे को लेकर कहा कि ऐसे वादे करने से पहले कांग्रेस को अपने शासनकाल का रिकॉर्ड जनता के सामने रखना चाहिए। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस के शासन और भाजपा सरकार के कामकाज की तुलना कर रही है और आने वाले समय में जनता ही तय करेगी कि किस पार्टी ने प्रदेश के युवाओं के लिए वास्तव में काम किया है।
