यूपी के कौशांबी जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके से इलाके में दहशत फैल गई। पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में सुबह करीब 11 बजे हुए धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त होकर जमींदोज हो गए। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि डीएम डॉ. अमित पाल शर्मा ने की है। वहीं, 20 से ज्यादा लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। मौके पर पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
कौशांबी के मनौरी बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ गए और देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एक दर्जन से ज्यादा जेसीबी और बुलडोजर की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अब तक 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। डीएम डॉ. अमित पाल शर्मा ने 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। साथ ही घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। डीएम ने साफ कहा है कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के साथ उनकी संपत्ति अटैच करने की कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने हादसे से जुड़े सभी जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल मनौरी बाजार में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन की टीमें मलबे में किसी और व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। अब जांच के बाद ही साफ होगा कि पटाखा फैक्ट्री में इतना बड़ा विस्फोट आखिर कैसे हुआ और सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई।
