लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की अहम बैठक में संगठन और चुनावी रणनीति की गहन समीक्षा की। बैठक में उम्मीदवारों के चयन की प्रगति से लेकर जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों तक मायावती ने पदाधिकारियों से फीडबैक लिया और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान में पूरी ताकत झोंकने का संदेश दिया।

मायावती ने कहा कि चुनावी तैयारियों को और तेज, प्रभावी और मजबूत किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को विरोधियों के साम-दाम-दंड-भेद जैसे हथकंडों का मुस्तैदी से सामना करने की नसीहत दी। मायावती ने साफ किया कि BSP का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार सरकार बनाना है और इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांत पर सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। मायावती ने कहा कि पार्टी का संदेश समाज के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जल्द से जल्द पहुंचाया जाए और जनता को BSP की नीतियों और सरकार के कामकाज से अवगत कराया जाए।

चुनाव से पहले राजनीतिक दलों की ओर से किए जाने वाले लोकलुभावन वादों और ‘रेवड़ियों’ को लेकर भी मायावती ने जनता को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता किसी तरह के छलावे और विश्वासघात में न आएं और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।
मायावती ने Gen-Z और Gen-Alpha के बीच बढ़ते आक्रोश का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि युवाओं की समस्याओं और उनके आक्रोश का स्थायी समाधान BSP की सरकार में ही संभव है। बैठक के दौरान मायावती ने कार्यकर्ताओं को चुनाव तक लगातार सक्रिय रहने, संगठन को मजबूत करने और BSP का पैगाम जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
अब BSP की रणनीति साफ है,उम्मीदवारों के चयन से लेकर संगठन की सक्रियता तक चुनावी तैयारियों को धार देना और उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरना।
