शिक्षक दिवस के अवसर पर आज गोरखपुर में प्रदेश के 81 उत्कृष्ट और समर्पित शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित शिक्षकों को ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025’ और ‘मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025’ प्रदान करेंगे।
पुरस्कार के लिए चयनित 81 शिक्षकों में बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं। इनमें 33 महिला शिक्षक भी हैं। समारोह में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार, जबकि स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के 5 शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा।प्रत्येक सम्मानित शिक्षक को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
राज्य स्तरीय पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा में दो वर्ष की वृद्धि के साथ उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा भी मिलेगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह भी समारोह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद, गोरखपुर के सांसद रविकिशन समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। प्रदेशभर से गोरखपुर पहुंचे चयनित शिक्षकों के लिए शासन की ओर से विशिष्ट अतिथि के रूप में होटल में ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।
