मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज चित्रकूट के दौरे पर पहुंचेंगे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेने के साथ मुख्यमंत्री प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे।
मुख्यमंत्री चित्रकूट पहुंचकर सबसे पहले बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान वह बाढ़ की स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों और राहत कार्यों की जमीनी तस्वीर का जायजा लेंगे। इसके बाद रैन बसेरा में पहुंचकर बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं एवं जरूरतों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे।मुख्यमंत्री इस दौरान बाढ़ प्रभावित 800 परिवारों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। इसके साथ ही बाढ़ के कारण आश्रयहीन हुए परिवारों को आवास के लिए भूमि आवंटन प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रभावित परिवारों को आपदा मोचन निधि से राहत राशि का वितरण भी किया जाएगा।सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके पुनर्वास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी।मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, जिला पंचायत प्रशासक अशोक जाटव, नगर पालिका परिषद चित्रकूटधाम कर्वी के अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे।
