बागपत में रविवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। वंदना चौक के पास श्रद्धालुओं से भरी बस पर ईंटों से लदा तेज रफ्तार ट्रक पलट गया। हादसे के वक्त बस में करीब 52 श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना में नौ श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र स्थित बागड़ धाम से दर्शन कर वापस अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मेरठ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ईंटों से लदा ट्रक वंदना चौक के पास डिवाइडर पर चढ़ गया। अनियंत्रित होने के बाद ट्रक आगे चल रही श्रद्धालुओं की बस के ऊपर पलट गया।ट्रक के बस पर पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में नेपाल, संजय और सात वर्षीय गोरी समेत कई श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बागपत पहुंचाया गया।घायलों में गुड्डो नाम की महिला की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है। वहीं, तीन घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राहत दे दी गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाकर मार्ग को साफ कराया। इसके बाद यातायात को सुचारू कर दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
