वाराणसी: शहर में जलभराव की समस्या के बीच सीवर लाइनों को जाम करने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। शिवाला, सरायनंदन, नगवा समेत करीब आधा दर्जन वार्डों में सीवर लाइनों की सफाई के दौरान बालू से भरी बोरियां, पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाई और प्लास्टिक की सामग्री मिलने से नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया। नगर निगम ने इसे गंभीर मामला मानते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भेलूपुर थाने में तहरीर दी है।शिवाला क्षेत्र में मुख्य सीवर लाइन जाम होने के कारण आसपास की सहायक गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो होने लगा था। शुक्रवार रात सफाई के दौरान अकेले शिवाला क्षेत्र से करीब 12 बोरी बालू बरामद होने की बात सामने आई है। नगर निगम का कहना है कि मुख्य सीवर लाइन में इस तरह बड़ी मात्रा में सामग्री डाले जाने से प्रथम दृष्टया जानबूझकर लाइन चोक करने की आशंका है।महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्षदों और अधिकारियों के साथ शिवाला क्षेत्र में मौके का निरीक्षण किया। महापौर ने कहा कि नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें लगातार जलभराव वाले क्षेत्रों में काम कर रही हैं। कई स्थानों पर जलभराव की समस्या का समाधान किया जा चुका है और निचले इलाकों से पंपों के जरिए पानी निकाला जा रहा है।nनगर निगम प्रशासन अब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है, ताकि सीवर लाइन में सामग्री डालने वालों की पहचान की जा सके। जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता, जोन-2 की ओर से भेलूपुर थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात लोगों ने मुख्य सीवर लाइन को चोक कर शहर और जलकल विभाग की छवि खराब करने की कोशिश की है।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि यदि कोई व्यक्ति सीवर लाइन या सरकारी संपत्ति के साथ छेड़छाड़ करता दिखाई दे तो तत्काल नगर निगम को इसकी सूचना दें।
