लखीमपुर खीरी: जिले के एक स्कूल में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कक्षा में बच्चों को पढ़ा रही शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी युवक ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
स्कूल परिसर में हुई इस घटना से छात्रों और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के मुताबिक, लखीमपुर के चिल्ड्रेन्स एकेडमी स्कूल में शिक्षिका निशात फातिमा बच्चों को पढ़ा रही थीं। इसी दौरान साउद अंसारी नाम का युवक उनसे मिलने स्कूल पहुंचा। दोनों के बीच बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया।आरोप है कि कहासुनी के बाद युवक ने शिक्षिका पर फायरिंग कर दी। इस दौरान शिक्षिका को तीन गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी युवक ने भी अपनी कनपटी पर गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई।बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। हालांकि, वारदात की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही डीएम और एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने स्कूल परिसर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।स्कूल के अंदर हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक स्कूल में हथियार लेकर कैसे पहुंचा।
