मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं का उद्देश्य भारत की संपदा और वैभव को लूटने तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने देश की समृद्ध ज्ञान परंपरा और बौद्धिक विरासत को भी नष्ट करने का प्रयास किया। मंदिरों पर हमले इसी व्यापक सोच का हिस्सा थे। वहीं, ब्रिटिश काल में भारतीयों को अपनी भाषा, परंपराओं, मूल्यों और जड़ों से दूर करने के लिए भ्रम का सहारा लिया गया। अब समय है कि भारत अपनी ज्ञान परंपरा को प्रमाणों के साथ दुनिया के सामने रखे और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाए।
मुख्यमंत्री गुरुवार को श्री गोरखनाथ मंदिर में युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की 57वीं और राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि पर आयोजित सप्त दिवसीय पुण्यतिथि समारोह के व्याख्यान-सत्र के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान सदियों से उसकी ज्ञान परंपरा रही है। तक्षशिला और नालंदा जैसे प्राचीन विश्वविद्यालय इसके प्रमाण हैं। काशी, उज्जैन, कांची और नवद्वीप भी लंबे समय तक ज्ञान और शोध के प्रमुख केंद्र रहे।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत पर होने वाले आक्रमणों के पीछे केवल आर्थिक लूट का उद्देश्य नहीं था। उन्होंने रामायण काल में दंडकारण्य के ऋषि आश्रमों पर हमलों का उल्लेख करते हुए कहा कि सनातन ज्ञान परंपरा को कमजोर करना भी आक्रमणकारियों के उद्देश्यों में शामिल रहा। सोमनाथ मंदिर पर महमूद गजनवी के आक्रमण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर भारतीय आस्था और सनातन परंपरा के केंद्र थे, इसलिए उन पर प्रहार केवल संपत्ति पर हमला नहीं था।मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान भारत को कमजोर करने का तरीका बदला गया।
भारतीयों को अपनी भाषा, चिकित्सा पद्धति और पारंपरिक ज्ञान को लेकर भ्रमित किया गया। संस्कृत की जगह अंग्रेजी और परंपरागत चिकित्सा पद्धतियों की जगह आधुनिक चिकित्सा को प्राथमिकता देने की प्रक्रिया के बीच भारतीय समाज धीरे-धीरे अपनी परंपराओं और जड़ों से दूर होता गया।उन्होंने कहा कि भारत अपनी ज्ञान परंपरा के कारण विश्वगुरु रहा है। तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालय इसकी प्राचीन शैक्षिक परंपरा की व्यापकता को दर्शाते हैं। कुंभ की परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल स्नान का आयोजन नहीं था, बल्कि प्रयागराज, हरिद्वार, उज्जैन और नासिक-त्र्यंबकेश्वर जैसे स्थानों पर संतों और विद्वानों के बीच ज्ञान, शोध और नवाचार पर विमर्श भी होता था।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ी धरोहर आज भी देश के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद है। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, काशी में एक लाख से अधिक प्राचीन पांडुलिपियों का संग्रह है, जिनके संरक्षण और डिजिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा परिवारों, विद्वानों, प्राचीन मठों और मंदिरों में भी बड़ी संख्या में पांडुलिपियां, ताम्रपत्र और शिलालेख मौजूद हैं। अयोध्या, प्रयागराज, मथुरा-वृंदावन और लखनऊ समेत कई स्थानों पर ऐसी ज्ञान धरोहर प्राप्त हुई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा को दुनिया के सामने रखते समय प्रमाण को सबसे महत्वपूर्ण आधार बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि जो भी बात कही जाए, उसे प्रमाण के साथ प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद विरोधी उसे असत्य बताने का प्रयास करेंगे और दुष्प्रचार करने वाले लोगों के मन में संशय पैदा करेंगे। ऐसे में आधुनिक तकनीक ज्ञान और प्रमाण को लोगों तक पहुंचाने तथा भ्रम दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भाषा, व्याकरण, अर्थशास्त्र, विज्ञान, खगोल, ज्योतिष, आयुर्वेद, शिल्प और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा रही है। नई पीढ़ी को पाणिनि, पतंजलि, आयुर्वेद के आचार्यों और चाणक्य के अर्थशास्त्र जैसी विरासत से परिचित कराना होगा। उन्होंने नैमिषारण्य की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब तीन हजार वर्ष पहले 88 हजार ऋषि श्रवण परंपरा से प्राप्त ज्ञान को लिपिबद्ध करने के लिए एकत्र हुए थे।उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. ईश्वर शरण विश्वकर्मा ने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना के सूत्र भारतीय ज्ञान परंपरा में मौजूद हैं। अपनी जमीन और मूल से कटकर विकास संभव नहीं है। आईआईटी बीएचयू के प्रो. वी. रामनाथन ने कहा कि नई पीढ़ी को आधुनिक माध्यमों के जरिए भारतीय सभ्यता और उसकी ज्ञान विरासत से जोड़ना होगा।जगद्गुरु स्वामी श्रीधराचार्य ने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही लोककल्याण का माध्यम बन सकती है। वहीं, जगद्गुरु विश्वेश प्रपन्नाचार्य ने कहा कि भारतीय योग परंपरा को केवल आसन तक सीमित नहीं किया जा सकता। यम, नियम, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, आसन, ध्यान और समाधि इसके व्यापक स्वरूप का हिस्सा हैं।व्याख्यान-सत्र की शुरुआत संतों ने ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। कार्यक्रम में जगद्गुरु संतोषाचार्य सतुआ बाबा, महंत नारायण गिरि, महंत राजू दास, महंत शेरनाथ, स्वामी नरसिंह दास, महंत राम बालक दास समेत विभिन्न संतजन, महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद से जुड़े संस्थानों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
