बिहार के जमुई के बाद अब समस्तीपुर में भी लड़की के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आया है, समस्तीपुर के जगतसिंहपुर इलाके में घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इन घटनाओं को लेकर बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर विपक्ष के साथ-साथ एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने समस्तीपुर की घटना को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए चिंता जताई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
चिराग पासवान ने सरकार से क्या कहा?
चिराग पासवान ने कहा कि जमुई के बाद समस्तीपुर में सामने आई घटना बेहद चिंताजनक है, उन्होंने कानून-व्यवस्था और प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, चिराग पासवान के मुताबिक, समस्तीपुर मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन कार्रवाई यहीं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से घटना में शामिल हर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
Also Read – विदेशी आक्रांताओं ने भारत का वैभव ही नहीं, ज्ञान परंपरा को भी नष्ट करने का प्रयास किया: योगी
जमुई मामले के बाद फिर गरमाया कानून-व्यवस्था का मुद्दा
जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था, मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया, इस मामले ने बिहार में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है, अब समस्तीपुर की घटना सामने आने के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है, पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।
तेजस्वी यादव भी सरकार पर हमलावर
इन घटनाओं को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है, वहीं, चिराग पासवान की प्रतिक्रिया इस मायने में महत्वपूर्ण है कि वह सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी दल से जुड़े केंद्रीय मंत्री हैं, फिलहाल जमुई और समस्तीपुर दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी है, समस्तीपुर मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, जबकि राजनीतिक दल कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार से जवाब मांग रहे हैं।
