उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं के लिए सोमवार का दिन खास रहने वाला है, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजधानी लखनऊ में 1375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, यह कार्यक्रम विभूति खंड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।
11 नवचयनित अभ्यर्थियों को मंच से देंगे नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच से 11 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे, इस कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, कार्यक्रम में नवचयनित अभ्यर्थियों के साथ संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास पर केंद्रित एक विशेष लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा, इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और पंचायत व्यवस्था की भूमिका को रेखांकित किया जाएगा, इसके अलावा, दो नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को चयन प्रक्रिया से जुड़े अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। वे अपनी चयन प्रक्रिया और इस दौरान मिले अनुभवों के बारे में जानकारी देंगे।
पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने पर रहेगा जोर
ग्राम पंचायत अधिकारी ग्रामीण स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पंचायत से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ऐसे में 1375 नवचयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण का यह कार्यक्रम ग्रामीण प्रशासन से जुड़ा अहम आयोजन होगा, नियुक्ति के बाद ये अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में पंचायत संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

