यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में ग्राम्य विकास विभाग का स्टॉल ग्रामीण विकास की योजनाओं और उनसे लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को सामने ला रहा है। तस्वीरों और वीडियो के जरिए आगंतुकों को योगी सरकार की ग्रामीण योजनाओं, उनके प्रभाव और लाभार्थियों के अनुभवों की जानकारी दी जा रही है।
ट्रेड शो के तीसरे दिन ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव सौरभ बाबू ने विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों की प्रदर्शित सफलता की कहानियों और योजनाओं से जुड़े वीडियो देखे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगंतुकों को वीबी-जी राम जी, मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण समेत अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
प्रमुख सचिव ने स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल का भी भ्रमण किया और महिलाओं के उत्पादों एवं उनके कार्यों की सराहना की। ट्रेड शो में प्रदेश के सभी जिलों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं हिस्सा ले रही हैं। यहां उनके उत्पादों को बाजार और खरीदारों तक पहुंचने के साथ वैश्विक पहचान का अवसर भी मिल रहा है।इस दौरान उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

