देहरादून: हरियाणा से उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे युवाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान युवाओं ने उत्तराखंड में अपने भ्रमण के अनुभव साझा किए और राज्य की कनेक्टिविटी, पर्यटन सुविधाओं, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की।
युवाओं ने उत्तराखंड के स्वच्छ पर्यावरण, स्थानीय लोगों के आत्मीय व्यवहार और पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं को भी अपने अनुभव का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अंतरराज्यीय युवा भ्रमण कार्यक्रमों से युवाओं को विभिन्न राज्यों की संस्कृति, नवाचार और विकास कार्यों को करीब से समझने का अवसर मिलता है। इससे अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान भी होता है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से उत्तराखंड में देखे और समझे गए अनुभवों को सोशल मीडिया के माध्यम से देशभर के लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा उत्तराखंड के ‘डिजिटल ब्रांड एंबेसडर’ के रूप में राज्य की संस्कृति, पर्यटन, होम-स्टे, स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकते हैं।सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले करीब पांच वर्षों में लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।

