महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने पिंक टॉयलेट के विस्तार पर जोर दिया है। स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय के तहत प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में महिला केंद्रित स्वच्छता सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में अब तक करीब 950 पिंक टॉयलेट बनाए जा चुके हैं, जबकि 189 नगरीय निकायों में 275 पिंक टॉयलेट ब्लॉक्स के निर्माण की प्रक्रिया प्रगति पर है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में प्रदेश के नगरीय निकायों में पिंक टॉयलेट ब्लॉक्स के निर्माण का आवंटन किया गया था। वर्तमान में 189 नगरीय निकायों में करीब 275 पिंक टॉयलेट ब्लॉक्स के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इन नए ब्लॉक्स में कुल 1,100 सीटें प्रस्तावित हैं। इन पिंक टॉयलेट्स को विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर उन्हें स्वच्छ और सुविधाजनक शौचालय की सुविधा मिल सके।सरकार की योजना के तहत शहरों के बाजारों, प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं के लिए अलग और सुरक्षित स्वच्छता सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराना है।
नगर विकास विभाग की ओर से नगरीय निकायों को जेंडर-फ्रेंडली स्वच्छता सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ पहले से मौजूद स्वच्छता परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। यह सुनिश्चित करने पर जोर है कि सार्वजनिक शौचालय साफ-सुथरे और लगातार उपयोग योग्य स्थिति में रहें।पिंक टॉयलेट के विस्तार को शहरी स्वच्छता व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, समावेशी और महिला केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके जरिए सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और बालिकाओं के लिए बेहतर स्वच्छता वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए पर्याप्त और सुरक्षित स्वच्छता सुविधाएं शहरी जीवन की बुनियादी जरूरतों का हिस्सा हैं। पिंक टॉयलेट्स के विस्तार से महिलाओं के लिए सार्वजनिक सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ने के साथ ही शहरों की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।नगर विकास विभाग के सचिव अनुज कुमार झा ने कहा कि महिला सम्मान और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय के तहत आवश्यकतानुसार पिंक शौचालयों के निर्माण के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिन नगरीय निकायों में पिंक टॉयलेट की आवश्यकता होगी, वहां मांग के अनुसार यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर विकास विभाग तत्पर है।
