दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है, आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह ने ट्रेन और मेट्रो सेवाओं पर रोक लगाए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि दिल्ली जाने का टिकट भले ही बंद कर दिया जाए, लेकिन वे दिल्ली जरूर जाएंगे। संजय सिंह ने कहा, “दिल्ली किसी की बपौती नहीं है,” संजय सिंह ने सरकार को नौजवानों से टकराव मोल नहीं लेने की चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं की ताकत को कम करके नहीं आंकना चाहिए, उनके इस बयान के बाद दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
बाराबंकी में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए संजय सिंह
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के दरियाबाद में पार्टी की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे, यहां उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा और दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन को लेकर अपनी बात रखी, संजय सिंह ने कहा कि उन्हें भी दिल्ली जाने के लिए ट्रेन का टिकट नहीं मिला, लेकिन इसके बावजूद वे दिल्ली जाएंगे, उन्होंने दिल्ली में CJP की ओर से आयोजित कार्यक्रम को भी समर्थन दिया, उन्होंने दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों पर सेवाएं प्रभावित किए जाने और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को रद्द किए जाने को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि इन कदमों से प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP समेत कई संगठनों और राजनीतिक दलों ने विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है, प्रदर्शनकारियों की ओर से चुनाव प्रक्रिया और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए जा रहे हैं, प्रदर्शन से जुड़े संगठनों की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा है। इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों में आंदोलन किए जाने की बात सामने आई है, अब दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं हालांकि, चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी से जुड़े आरोपों और उनसे संबंधित दावों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है।
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय बलों और अन्य राज्यों से बुलाए गए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, प्रशासन की ओर से प्रदर्शन और रैली की अनुमति को लेकर सख्ती बरते जाने की बात कही गई है। वहीं, आंदोलन से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन में शामिल होने और अपनी मांगों को उठाने का ऐलान किया है, ऐसे में दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर बनी हुई है।
संजय सिंह के बयान से बढ़ा राजनीतिक टकराव
संजय सिंह के बयान ने केंद्र सरकार और आम आदमी पार्टी के बीच राजनीतिक टकराव को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। एक ओर प्रदर्शन से जुड़े संगठन चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के मुद्दे को उठा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सुरक्षा इंतजाम सख्त किए गए हैं, अब देखना होगा कि जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन किस रूप में आगे बढ़ता है और इस पूरे मामले पर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
