उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की, इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण, महिला सुरक्षा, धार्मिक स्थलों की निगरानी और अतिवृष्टि प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
जनशिकायतों का 24 घंटे में जवाब, राजस्व मामलों के लिए 15 दिन की समयसीमा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का जवाब 24 घंटे के भीतर दिया जाए। वहीं, निर्विवाद राजस्व मामलों का निस्तारण अधिकतम 15 दिनों में सुनिश्चित किया जाए, सरकार की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आम लोगों की समस्याओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और शिकायतों के समाधान में जवाबदेही तय की जाए।
Also Read – यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन, भाजपा के 8 और सपा के 2 उम्मीदवार जीते
नवरात्र से छठ तक फील्ड में रहेंगे वरिष्ठ अधिकारी
आगामी नवरात्र से लेकर छठ पर्व तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक आयोजनों में पुलिस एवं प्रशासन की सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रमुख देवी मंदिरों में 24 घंटे CCTV निगरानी
त्योहारों के दौरान प्रमुख देवी मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए 24 घंटे CCTV निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, इसके साथ ही शोभायात्राओं और प्रतिमा विसर्जन के मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है, प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि धार्मिक आयोजनों के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी संवेदनशील स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां पहले से पूरी रहें, मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर राहत एवं सहायता वितरण की स्थिति स्पष्ट की जाए, इसके लिए 48 घंटे के भीतर नुकसान और राहत वितरण से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है, सरकार का जोर प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाने और राहत कार्यों में तेजी लाने पर है।
त्योहारों के दौरान सुरक्षा और जनसुविधाओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, धार्मिक आयोजनों की निगरानी, जनशिकायतों के निस्तारण और आपदा प्रभावितों को राहत देने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। सरकार का उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के साथ आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्य निर्देश एक नजर में:
- जनशिकायतों का 24 घंटे में जवाब।
- निर्विवाद राजस्व मामलों का 15 दिन में निस्तारण।
- नवरात्र से छठ तक वरिष्ठ अधिकारियों की फील्ड में सक्रियता।
- प्रमुख देवी मंदिरों में 24 घंटे CCTV निगरानी।
- अतिवृष्टि से हुए नुकसान और राहत वितरण की 48 घंटे में रिपोर्ट।
- खाद की कालाबाजारी पर रोक और भ्रष्टाचार के मामलों में जवाबदेही।
