लखनऊ में छठ महापर्व की तैयारी तेज़ , डीएम विशाख जी ने किया लक्ष्मण मेला मैदान छठ घाट का निरीक्षण, दिए कई अहम निर्देश

    2
    0

    लखनऊ।आगामी छठ पूजा पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी ने आज लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ पूजा घाट का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर चल रही तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की और संबंधित विभागों को सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    पूजा स्थलों से लेकर सुरक्षा तक, सभी व्यवस्थाओं का लिया जायजा

    जिलाधिकारी ने सबसे पहले घाट पर बनाए जा रहे पूजा स्थलों, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि घाट का जल स्तर नियंत्रित एवं स्वच्छ बनाए रखा जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
    डीएम ने कहा कि छठ घाटों पर जल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पानी में कोई गंदगी या अपशिष्ट न मिले।

    नगर निगम को सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

    जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों की सफाई नियमित रूप से की जाए, कूड़ा निस्तारण की पुख्ता व्यवस्था रहे और प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी हाईमास्ट लाइटें एवं अस्थायी लाइटें क्रियाशील रहें, ताकि संध्या एवं प्रातः अर्घ्य के समय किसी प्रकार का अंधेरा न रहे।

    सुरक्षा, चिकित्सा और आपात सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था

    डीएम विशाख जी ने बताया कि छठ पर्व के अवसर पर मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, गोताखोर और नावों की तैनाती कर दी गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त एंट्री और एग्जिट प्वाइंट बनाए गए हैं, जिससे भीड़भाड़ की स्थिति न उत्पन्न हो और आवागमन सुचारू बना रहे।
    यातायात विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि ट्रैफिक व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रहे और पार्किंग स्थलों को स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाए।

    ALSO READ:सलमान खान को पाकिस्तान ने किया आतंकवादी घोषित, भड़के सपा सांसद नदवी

    शहर और ग्रामीण इलाकों में होंगे सैकड़ों आयोजन

    डीएम ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 50 से अधिक स्थानों पर और ग्रामीण इलाकों में कई स्थलों पर छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण मेला मैदान की तर्ज पर सभी प्रमुख घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था कराई जा रही है।

    अधिकारियों की मौजूदगी में चला निरीक्षण अभियान

    इस मौके पर नगर आयुक्त नगर निगम, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here