राजधानी लखनऊ के थाना बाजारखाला क्षेत्र के हैदरगंज इलाके में 14 अक्टूबर को बंद पड़े एक मकान में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घटना के खुलासे के साथ पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से नकदी, जेवरात और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
गिरफ्तार आरोपी और उनकी पहचान
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम असगर अली, अब्दुल रहमान, फहद अहमद और अरसू हैं। ये सभी पुराने अपराधी बताए जा रहे हैं, जिन्होंने बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये का माल चोरी किया था।
चोरी की रकम से गए थे मालानी घूमने
जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी चोरी की रकम और जेवर देखकर मालानी घूमने निकल गए थे। पुलिस ने कहा कि चोरी के पैसे को खर्च करने से पहले ही टीम ने सभी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख नकद 500 ग्राम सफेद धातु के जेवरात
एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस की तत्परता पर डीसीपी ने जताई संतुष्टि
डीसीपी ने मामले का खुलासा करने वाली टीम की प्रशंसा करते हुए इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बाजारखाला पुलिस की इस कार्रवाई से यह साबित हुआ है कि लखनऊ पुलिस अपराध पर लगाम कसने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।
पुलिस बोली — अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चारों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन्होंने पहले कहीं और चोरी की वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया।



