लखनऊ की राजनीति में बढ़ा सियासी तापमान
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज़ हो गई है। बयानबाज़ी का दौर अब गरमाने लगा है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) के लखनऊ मध्य से विधायक रविदास मल्होत्रा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सीधी चुनावी चुनौती दे डाली है।
“2022 में मेरी वजह से बदली बृजेश पाठक की सीट”
रविदास मल्होत्रा ने कहा कि —
“2022 के विधानसभा चुनाव में मेरी वजह से भाजपा के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री रहे बृजेश पाठक को अपनी सीट बदलनी पड़ी थी। उसी समय से भाजपा मुझसे घबराई हुई है।”
उन्होंने कहा कि लखनऊ मध्य की जनता ने हमेशा समाजवादी पार्टी को सम्मान दिया है, और वे जनता की आवाज़ उठाने से कभी पीछे नहीं हटेंगे।
“मेरे पास जायज़ भी एक इंच ज़मीन नहीं”
2024 के लोकसभा चुनाव का ज़िक्र करते हुए सपा विधायक ने कहा —
“जब समाजवादी पार्टी ने मुझे लखनऊ से प्रत्याशी बनाया था, तो लोगों ने कहा कि अब मेरे ऊपर ईडी-सीबीआई की रेड पड़ेगी। लेकिन मेरे पास जायज़ एक इंच ज़मीन नहीं है, नाजायज़ की तो बात ही छोड़ दीजिए। मैं अपने पुश्तैनी मकान में रहता हूँ। सरकार जैसी चाहे जांच करा ले, मैं ईडी या सीबीआई से डरने वाला नहीं हूँ।”
राजनाथ सिंह को दी खुली चुनौती
रविदास मल्होत्रा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को चुनौती देते हुए कहा —
“राजनाथ सिंह जी दोबारा मेरे सामने चुनाव लड़ लें। अगर मैं उन्हें एक लाख वोटों से नहीं हराया तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा।”
उनका यह बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।
2024 लोकसभा चुनाव में आमने-सामने हो चुके हैं दोनों नेता
गौरतलब है कि 2024 लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने रविदास मल्होत्रा को लखनऊ सीट से भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह के खिलाफ उतारा था। उस चुनाव में राजनाथ सिंह ने जीत दर्ज की थी, जबकि रविदास मल्होत्रा दूसरे स्थान पर रहे थे।
अब दोबारा चुनौती देकर उन्होंने सियासी पारा बढ़ा दिया है और यह स्पष्ट संकेत दिया है कि लखनऊ में मुकाबला एक बार फिर दिलचस्प होने वाला है।



