Home Uttrakhand अंकिता भंडारी के मामले की हो सीबीआई जाँच-योगिता भयाना

अंकिता भंडारी के मामले की हो सीबीआई जाँच-योगिता भयाना

75
0

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर अब आवाज़ सिर्फ प्रदेश तक सीमित नहीं रही। देश की राजधानी दिल्ली से भी सामाजिक संगठन और महिला अधिकार कार्यकर्ता इस मामले में खुलकर सामने आने लगे हैं। निर्भया और उन्नाव रेप केस में पीड़िताओं को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ चुकीं सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना आज देहरादून पहुँचीं, जहाँ उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग की।

योगिता भयाना ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि समाज और मीडिया के माध्यम से जो जानकारियाँ सामने आई हैं, उन पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होनी चाहिए।

योगिता भयाना ने अंकिता हत्याकांड से जुड़े मामलों पर खुलासे करने वाली उर्मिला सनावर की कथित गुमशुदगी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि उर्मिला सनावर कहां हैं और उनका सोशल मीडिया अकाउंट क्यों फ्रीज़ किया गया। योगिता भयाना का आरोप है कि अंकिता को न्याय दिलाने की आवाज़ उठाने वालों को दबाने की कोशिश की जा रही है।

योगिता भयाना ने कहा कि यदि सरकार इस मामले में प्रभावी कार्रवाई करने में असमर्थ है, तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक स्थानीय भाजपा विधायक और भाजपा के एक केंद्रीय पदाधिकारी की भूमिका को लेकर जो बातें सामने आ रही हैं, उनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

एसआईटी जांच पर सवाल उठाते हुए योगिता भयाना ने कहा कि केवल एसआईटी जांच से यह साबित नहीं होता कि इस हत्याकांड में अन्य कोई दोषी शामिल नहीं है। उन्होंने मामले की दोबारा जांच की मांग करते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो इस पूरे मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here