Home Uttar Pradesh नेहा सिंह राठौर की बढ़ी मुश्किलें, पति के साथ पहुंची हजरतगंज थाने,...

नेहा सिंह राठौर की बढ़ी मुश्किलें, पति के साथ पहुंची हजरतगंज थाने, हिरासत को लेकर सस्पेंस

लखनऊ। यूपी में “का बा” गाने को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चित कवयित्री और लोकगायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पहलगाम टेरर अटैक के दौरान सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट डालने के मामले में नेहा आज लखनऊ के हजरतगंज थाने पहुंचीं, जहां पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सियासी और सोशल हलकों में हलचल बनी हुई है।

फिल्मीटिक्स संवाददाता अनिकेत तिवारी और शादाब सिद्दीकी के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट से राहत न मिलने के बाद हजरतगंज पुलिस ने नेहा को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा था, इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट भी उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने से इनकार कर चुका है। बताया जा रहा है कि अप्रैल महीने में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद से पुलिस उन्हें बयान के लिए बुलाने का प्रयास कर रही थी।
आज दूसरी नोटिस मिलने के बाद नेहा सिंह राठौर थाने पहुंचीं। पुलिस सूत्रों का का कहना है कि उनसे पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर तय होगी।

हालांकि, इस पूरे मामले पर नेहा के पति ने हिरासत की खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है, बल्कि वे नोटिस के जवाब में स्वयं थाने पहुंची हैं। उनके अनुसार, पहली नोटिस पर 14 दिन का समय मांगा गया था।

गौरतलब है कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से नेहा को बड़ा झटका लगा था। शीर्ष अदालत ने उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने से इनकार करते हुए कहा था कि वह इस स्तर पर किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं करेगी। जस्टिस जे.के. महेश्वरी और कुलदीप बिश्नोई की बेंच ने स्पष्ट किया था कि मामला देश की संप्रभुता को खतरे में डालने जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ा है, इसलिए फिलहाल कोई राहत नहीं दी जा सकती।

अब सवाल यह है कि क्या यह पूछताछ गिरफ्तारी में बदलेगी, या नेहा को बयान के बाद राहत मिलेगी?
फिलहाल, हजरतगंज थाने से निकलने वाला हर अपडेट इस मामले की दिशा तय करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here