उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी का बदला हुआ तेवर और बदला हुआ कलेवर किसी वैचारिक आत्ममंथन का नतीजा कम और बदलते चुनावी गणित की मजबूरी ज्यादा दिखाई देता है, प्रदेश में मायावती और ओवैसी फैक्टर की मजबूती ने समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा–दलित–अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को सीधी चुनौती दे दी है, यही वजह है कि लंबे समय तक सत्ता की चाबी माने जाने वाला M-Y (मुस्लिम-यादव) समीकरण अब समाजवादी पार्टी के लिए पहले जैसा भरोसेमंद राजनीतिक आधार नहीं रह गया है।
अखिलेश को दिखने लगा है खतरा
अखिलेश यादव को इस बदलते परिदृश्य का आभास है, हालिया राजनीतिक घटनाक्रम और बिहार जैसे पड़ोसी राज्य के चुनावी नतीजों ने इस आशंका को और पुख्ता किया है, अब सवाल यह नहीं है कि सपा किस विचारधारा पर चले, बल्कि यह है कि बिखरते परंपरागत वोट बैंक के दौर में चुनाव कैसे जीता जाए, इस सवाल का एक जवाब सपा के भीतर तेजी से उभर रहा है सवर्ण मतदाताओं के बिना सत्ता तक पहुंच लगभग असंभव है।
बिहार चुनाव से मिला पहला बड़ा संकेत
रणनीति में बदलाव का पहला स्पष्ट संकेत बिहार विधानसभा चुनाव में देखने को मिला, अखिलेश यादव ने वहां विपक्षी गठबंधन के लिए आक्रामक प्रचार किया और 25 से ज्यादा सीटों पर रैलियां कीं, उम्मीद थी कि अल्पसंख्यक वोटों की एकजुटता सत्ता विरोधी लहर बनाएगी, लेकिन नतीजे इसके उलट रहे, मुस्लिम वोटों के बड़े पैमाने पर एकजुट होने के बावजूद NDA की प्रचंड जीत ने यह साफ कर दिया कि केवल अल्पसंख्यक गोलबंदी अब सत्ता की गारंटी नहीं रही।
ओवैसी फैक्टर और मुस्लिम वोटों की नई राजनीति
बिहार के बाद महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में AIMIM के प्रदर्शन ने सपा की चिंता और बढ़ा दी, ओवैसी फैक्टर ने यह संकेत दिया कि मुस्लिम मतदाता अब एकतरफा राजनीति से बाहर निकलकर स्वतंत्र विकल्प** तलाश रहा है, उत्तर प्रदेश में AIMIM की मौजूदगी और उसका संभावित विस्तार सपा के लिए खतरे की घंटी है, अखिलेश जानते हैं कि यदि मुस्लिम वोटों का छोटा सा हिस्सा भी खिसका, तो उसका सीधा असर चुनावी नतीजों पर पड़ेगा।
मायावती की वापसी और PDA का संकट
अखिलेश के लिए दूसरी बड़ी चुनौती मायावती की सक्रियता है, 2024 के लोकसभा चुनाव में PDA के नारे और ‘संविधान बदलने’ के नैरेटिव के जरिए सपा ने दलित वोटों में सेंध लगाने की कोशिश की थी, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बसपा संगठन को दोबारा खड़ा करने के संकेत दे रही है, यदि मायावती दलित वोटों को फिर से एकजुट करने में सफल रहीं, तो PDA फॉर्मूला स्वतः कमजोर पड़ जाएगा।
ओवर-डिपेंडेंस अब बन रहा है जोखिम
सपा के बदले रुख के संकेत पार्टी के अंदरूनी फैसलों में भी दिखने लगे हैं, रामपुर में उम्मीदवार चयन से लेकर आजम खान के फैसलों को दरकिनार करना केवल व्यक्तिगत टकराव नहीं, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है,
सपा यह संदेश देना चाहती है कि वह अब किसी एक चेहरे या एक समुदाय पर निर्भर नहीं है, अल्पसंख्यक राजनीति पर अत्यधिक निर्भरता अब पार्टी को जोखिम भरी लगने लगी है।
सवर्णों की ओर बढ़ता सपा का झुकाव
नई चुनावी पिच पर सपा अब खुलकर खेल रही है।
- ब्राह्मण और अन्य सवर्ण मतदाताओं से संवाद
- धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक प्रतीकों पर नरम रुख
- संतुलित सामाजिक संदेश
ये सभी संकेत बताते हैं कि सपा अब केवल पिछड़ा-अल्पसंख्यक राजनीति तक सीमित नहीं रहना चाहती। यह कोई वैचारिक क्रांति नहीं, बल्कि चुनावी मजबूरी से उपजा बदलाव है।
एक वोट बैंक पर निर्भरता का अंत
पिछले चुनावों का अनुभव यही बताता है कि उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में किसी एक सामाजिक समूह के सहारे सत्ता पाना अब लगभग असंभव है, भाजपा ने व्यापक सामाजिक गठबंधन बनाकर यह मॉडल पहले ही स्थापित कर दिया है,
अखिलेश यादव अब उसी राजनीतिक वास्तविकता को स्वीकारते नजर आ रहे हैं।
2027 की तैयारी और बदला हुआ गणित
2027 के विधानसभा चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा है, अखिलेश के पास दो ही रास्ते हैं या तो पुराने समीकरणों पर भरोसा बनाए रखें, या फिर जोखिम उठाकर नए सामाजिक समूहों को साधें।
M-Y समीकरण पर घटते भरोसे और मायावती-ओवैसी फैक्टर के उभार ने सपा को अपनी रणनीति पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर दिया है, यह बदलाव सफल होगा या नहीं, यह भविष्य तय करेगा, लेकिन इतना साफ है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति अब पुराने फार्मूलों से आगे निकल चुकी है।



