उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर गांव में स्थित एक किराने की दुकान में भीषण आग लग गई, जिसमें दम घुटने और झुलसने से एक महिला और उसके मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार आग तड़के करीब 3 बजे लगी। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण दुकान के अंदर मौजूद 22 वर्षीय महिला और उसके 4 साल के बेटे की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं महिला का पति नीरज चौरसिया गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में प्रशासन की मदद की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी बलिया समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं फील्ड यूनिट की टीम भी जांच में जुट गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।



