राजधानी Lucknow में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। Yogi Adityanath की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में बताया गया कि चारबाग से वसंतकुंज तक बनने वाला दूसरा मेट्रो कॉरिडोर साल 2030 तक पूरा कर लिया जाएगा और इस पर मेट्रो चलने लगेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सभी मेट्रो प्रोजेक्ट तय समय पर पूरे हों और काम में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
चारबाग-वसंतकुंज कॉरिडोर से मिलेगी राहत
अधिकारियों के मुताबिक, अभी लखनऊ में करीब 23 किलोमीटर लंबे मेट्रो रूट पर ट्रेन चल रही है। नया चारबाग-वसंतकुंज कॉरिडोर बनने के बाद शहर के ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी और खासकर पुराने और पश्चिमी इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
Also Read- रहस्यमयी शैल चित्र: बस्तर की चट्टानों में छिपा हजारों साल पुराना इतिहास
कानपुर और आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट्स पर भी फोकस
बैठक में Kanpur और Agra में चल रहे मेट्रो प्रोजेक्ट्स की भी समीक्षा की गई।
- कानपुर में 32.4 किमी लंबे मेट्रो कॉरिडोर पर काम चल रहा है, जिसमें लगभग 15 किमी हिस्से पर मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है। बाकी काम मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
- आगरा में 29.4 किमी लंबे प्रोजेक्ट के 6.5 किमी हिस्से पर मेट्रो चल रही है। बाकी काम जून 2026 तक और दूसरा कॉरिडोर 2027 तक पूरा करने की योजना है।
दूसरे फेज के लिए टेंडर प्रक्रिया तेज
लखनऊ मेट्रो के दूसरे फेज की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। ठाकुरगंज से वसंतकुंज तक बनने वाले एलिवेटेड रूट और डिपो के लिए 7 कंपनियों ने टेंडर डाला है। इनमें से 5 कंपनियां सिर्फ डिपो निर्माण में रुचि दिखा रही हैं।
टेंडर में सबसे कम कीमत देने वाली कंपनी को प्राथमिकता दी जाएगी, लेकिन साथ ही उसका अनुभव और तकनीकी क्षमता भी देखी जाएगी। एलिवेटेड हिस्से का काम तय होने के बाद अंडरग्राउंड स्टेशनों और ट्रैक बिछाने के लिए अलग टेंडर निकाले जाएंगे।
मेट्रो को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की योजना
सीएम Yogi Adityanath ने मेट्रो प्रोजेक्ट को आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि मेट्रो स्टेशनों के आसपास मल्टीलेवल पार्किंग, रिटेल शॉप्स, फूड कोर्ट और ऑफिस स्पेस विकसित किए जाएं। इसके अलावा विज्ञापन और डिजिटल ब्रांडिंग से भी कमाई बढ़ाने की बात कही गई।
बेहतर होगी लास्ट माइल कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यात्रियों को मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए मेट्रो को सिटी बस, ई-रिक्शा, टैक्सी और ऐप बेस्ड सेवाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि लोगों को आसानी से यात्रा करने की सुविधा मिल सके।






