रामपुर। शहर कोतवाली पुलिस और ड्रग्स विभाग ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की भारी खेप बरामद की है। बरामद की गई दवाइयों की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी मुरादाबाद के और एक रामपुर का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक चार पहिया वाहन और दो दोपहिया वाहन भी बरामद किए हैं, जिनका उपयोग नशीली दवाइयों की तस्करी में किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, शहर कोतवाली द्वारा इससे पहले भी नशीली दवाइयों के मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। यह कार्रवाई उसी लगातार चल रहे अभियान का हिस्सा है। पूरे मामले का खुलासा रामपुर पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने किया। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






