सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के अखाड़ा मोहल्ला वार्ड नंबर 15 स्थित सहारा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 25 वर्षीय रुक्मिणी की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। महिला को पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।परिजनों का आरोप है कि इलाज के नाम पर कोई आवश्यक जांच नहीं कराई गई और केवल ग्लूकोज व दर्द के इंजेक्शन दिए जाते रहे। उनका कहना है कि सुबह अचानक हालत बिगड़ने पर डॉक्टर समय पर नहीं पहुंचे, जिससे महिला की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन अस्पताल पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।वहीं, अस्पताल स्टाफ का कहना है कि महिला की हालत परिजनों द्वारा पानी पिलाने के बाद बिगड़ी। इस तरह दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच मामला विवादित बना हुआ है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। आरोप है कि हंगामे के दौरान अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ मौके से चले गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।उधर, मृतका के परिजन न्याय की मांग को लेकर अड़े हुए हैं।






