बिहार की राजनीति में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह एक बार फिर विवादों में हैं,हाल ही में गोपालगंज में हुए एक कार्यक्रम के दौरान उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह कथित तौर पर एक मुजरा परफॉर्मेंस देखते नजर आए। इसके बाद एक और वीडियो वायरल हुआ जिसमें कुछ लोग बंदूक के साथ डांस करते दिखे, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है।
डांसर अर्चना तिवारी का बयान
इस पूरे विवाद पर मुंबई की डांसर अर्चना तिवारी ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है, पटना में एक कार्यक्रम के लिए पहुंचीं अर्चना तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस पूरे मामले में उनकी कोई गलती नहीं है, उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने केवल अपना परफॉर्मेंस किया था और जो बंदूक वाला वीडियो वायरल हुआ है, वह अलग से एडिट करके डाला गया है।
“विधायक को बदनाम किया जा रहा है” — अर्चना
अर्चना तिवारी ने कहा कि उन्हें लगता है कि इस मामले में विधायक को गलत तरीके से फंसाया जा रहा है, उन्होंने दावा किया कि वह खुद वहां मौजूद थीं और जो भी वीडियो सामने आ रहा है, वह अधूरा और गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
“बिहार में कभी दिक्कत नहीं हुई” — डांसर
अर्चना ने बताया कि वह मुंबई की रहने वाली हैं और कई बार बिहार में परफॉर्म कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वह पहले भी अनंत सिंह के परिवारिक कार्यक्रमों में डांस कर चुकी हैं और उन्हें कभी कोई समस्या नहीं हुई, उन्होंने कहा कि बिहार के लोग कला को बहुत पसंद करते हैं और उन्हें यहां हमेशा अच्छा अनुभव मिला है।
FIR पर उठाए सवाल
अर्चना तिवारी ने इस मामले में दर्ज एफआईआर पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ डांस देखने या परफॉर्मेंस के आधार पर केस दर्ज करना गलत है, उनका कहना है कि यह मामला शायद किसी व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा हो सकता है।
“मेरी भी इज्जत का सवाल है”
डांसर ने भावुक होकर कहा कि इस विवाद से उनकी भी छवि को नुकसान पहुंचा है, उन्होंने कहा कि उनका परिवार है और इस तरह के आरोप उनके लिए मानसिक रूप से परेशान करने वाले हैं, अर्चना ने साफ किया कि उनका काम केवल डांस परफॉर्म करना है और वह इसे प्रोफेशन के रूप में करती हैं, जिसमें कोई आपत्तिजनक बात नहीं है।
मामला बढ़ा राजनीतिक रंग
फिलहाल इस पूरे मामले पर पुलिस जांच जारी है और सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, अब देखना होगा कि जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं और यह मामला किस दिशा में जाता है।






