Home Accident लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की टक्कर, 23 यात्री घायल, 7 की हालत...

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की टक्कर, 23 यात्री घायल, 7 की हालत गंभीर

6
0

उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। किलोमीटर संख्या-237 के पास तेज रफ्तार डबल डेकर बस खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में 23 यात्री घायल हो गए, जिनमें सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, डबल डेकर बस दिल्ली से आजमगढ़ जा रही थी। रविवार सुबह करीब छह बजे चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर आगे खड़े ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अखिलेश चंद्र पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। यूपीडा कर्मियों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सात गंभीर घायलों को जिला अस्पताल उन्नाव रेफर कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक हादसे के समय बस की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। चालक को झपकी आना दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया। कोतवाली प्रभारी अखिलेश चंद्र पाण्डेय ने बताया कि बस स्मार्ट सुरक्षा प्रणाली से लैस थी, जिसके चलते बड़ा हादसा होने के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई। सुरक्षित बचे यात्रियों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

घायलों में अमेठी निवासी चंद्रमणि शुक्ला, आजमगढ़ के नारायण दत्त, श्रीकांत यादव, सौरभ त्रिपाठी और संतोष, सुल्तानपुर के देवेंद्र द्विवेदी, श्रद्धा पांडे, संजय पांडे और मुन्नी देवी, सीवान के श्रीपाल सिंह, लखनऊ की श्वेता पांडे, जौनपुर के सचिन सिंह तथा गाजियाबाद के आयुष मिश्रा समेत कुल 23 लोग शामिल हैं। पुलिस घायलों का पूरा विवरण जुटाने और मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here