उत्तर प्रदेश में वंदे मातरम् को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक और वैचारिक टकराव का रूप लेता जा रहा है, जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी के बयान के बाद यूपी सरकार के मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और उन पर समाज को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
मौलाना मदनी का बयान क्या था?
जमीयत उलेमा-ए-हिंद की दो दिवसीय वर्किंग कमेटी बैठक के बाद जारी डिक्लेरेशन में मौलाना अरशद मदनी ने कहा था कि मुसलमान कभी झुके हैं और न ही झुकेंगे, उन्होंने वंदे मातरम् को अनिवार्य किए जाने का विरोध करते हुए इसे धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ बताया था, संगठन ने यह भी कहा था कि वह इस मुद्दे पर अदालत का दरवाजा खटखटाएगा।
इसके अलावा जमीयत ने समान नागरिक संहिता (UCC), मस्जिदों-मदरसों पर कार्रवाई और कथित रूप से अल्पसंख्यकों के खिलाफ माहौल बनाए जाने को लेकर भी चिंता जताई थी।
“समाज को गुमराह किया जा रहा है” — दानिश आज़ाद अंसारी
मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोग मुस्लिम समाज को विकास की मुख्यधारा से भटकाने का काम कर रहे हैं, उन्होंने कहा, “उनके ही धर्म के कुछ लोग ऐसे बयान देकर मुस्लिम समाज को गुमराह कर रहे हैं, आज जरूरत शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास जैसे मुद्दों पर बात करने की है।”
Also Read – बंगाल हिंसा पर मायावती का बड़ा हमला, बिना नाम लिए बीजेपी को दी नसीहत
“वंदे मातरम् का अर्थ समझना जरूरी”
दानिश आज़ाद अंसारी ने आगे कहा कि जो लोग वंदे मातरम् का विरोध कर रहे हैं, उन्होंने इसके अर्थ को सही तरीके से समझा ही नहीं है, उन्होंने कहा,“अगर उन्होंने इसका अर्थ समझा होता तो इस तरह के बयान नहीं देते, कुछ लोग जानबूझकर समाज को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।”
विकास पर फोकस की अपील
मंत्री ने कहा कि मुस्लिम समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और बेहतर अवसरों से जोड़ने की जरूरत है, लेकिन कुछ संगठन ऐसे मुद्दों को उठाकर माहौल को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
क्या कहा था जमीयत ने?
जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने अपने बयान में देश के मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक माहौल पर गंभीर सवाल उठाए थे, संगठन ने आरोप लगाया कि देश में नफरत की राजनीति बढ़ रही है और अल्पसंख्यकों को डर के माहौल में जीने के लिए मजबूर किया जा रहा है, संगठन ने UCC, धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई और अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों पर भी विरोध दर्ज कराया था।
बढ़ता वैचारिक टकराव
इस पूरे मामले के बाद अब यह विवाद सिर्फ एक बयान तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह वैचारिक और राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है, एक तरफ धार्मिक स्वतंत्रता और सामाजिक अधिकारों की बात हो रही है, तो दूसरी तरफ राष्ट्रीय प्रतीकों और एकता के संदेश पर जोर दिया जा रहा है, अब देखना होगा कि यह विवाद आगे राजनीतिक मंचों से होते हुए कानूनी लड़ाई तक पहुंचता है या फिर बातचीत के जरिए इसका कोई समाधान निकलता है।
