उत्तर प्रदेश के रामपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां लाइसेंसी राइफल साफ करते समय अचानक गोली चलने से पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रामपुर जिले में एक कारोबारी अपने घर की छत पर बैठकर लाइसेंसी राइफल की सफाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक राइफल से फायर हो गया। बताया जा रहा है कि गोली पहले कारोबारी के गले को चीरती हुई पीछे खड़ी उसकी पत्नी की गर्दन के पार निकल गई। गोली लगते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनते ही बेटा और बेटी छत की ओर दौड़े। वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। मां-बाप के शव खून से लथपथ पड़े थे। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने मृतक के परिजनों से भी घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला राइफल साफ करते समय अचानक गोली चलने का प्रतीत हो रहा है। राइफल से केवल एक ही राउंड फायर हुआ, जिसने पति-पत्नी दोनों की जान ले ली।






