उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी विधायक Maharaji Prajapati के आवास पर कथित तौर पर दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि कई गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे 20 से ज्यादा लोगों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की, परिवार के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि विधायक समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
पूरा मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी का है, जहां महाराजी प्रजापति का निजी आवास स्थित है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 8:30 बजे दो स्कॉर्पियो समेत कई वाहनों में सवार होकर कुछ लोग विधायक के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और घर में मौजूद लोगों के साथ बदसलूकी करने लगे।परिवार के सदस्यों और घर पर मौजूद अन्य लोगों ने जब विरोध किया, तो विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि दबंगों ने मारपीट करने की कोशिश की और पूरे घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान महिलाओं और बच्चों में भी दहशत फैल गई। जाते-जाते आरोपी गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
Also Read- लखनऊ में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज उत्पीड़न का आरोप; पति समेत 5 लोगों पर केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही विधायक के छोटे बेटे अनुराग प्रजापति बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद अमेठी कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर किए गए एक कथित कमेंट से हुई थी। बताया जा रहा है कि इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव बना हुआ था, जो मंगलवार रात खुले विवाद में बदल गया। अब इस घटना ने राजनीतिक रंग भी लेना शुरू कर दिया है।
अनुराग प्रजापति ने पुलिस को दी गई तहरीर में कई लोगों को नामजद किया है। इनमें शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। अनुराग का आरोप है कि नामजद आरोपी समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता और कार्यकर्ता हैं।
घटना के बाद विधायक परिवार ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। अनुराग प्रजापति ने समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav से भी मांग की है कि आरोपियों को पार्टी से बाहर किया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






