ग्रेटर नोएडा से सामने आई एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे और आक्रोश में डाल दिया है, यह सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि एक 15 वर्षीय मासूम बच्चे की अधूरी जिंदगी की ऐसी दर्दनाक कहानी है जिसने हर किसी को भीतर तक झकझोर कर रख दिया है, जिस उम्र में बच्चों के सपने आकार लेते हैं और जीवन खुशियों से भरा होता है, उसी उम्र में गोपाल शर्मा की जिंदगी बेरहमी से खत्म कर दी गई।
परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, मां की आंखें लगातार नम हैं और पिता की खामोशी पूरे माहौल को और भी भारी बना रही है, गांव की गलियों से लेकर लोगों की बातचीत तक हर जगह सिर्फ एक ही सवाल सुनाई दे रहा है — आखिर एक मासूम बच्चे के साथ इतनी क्रूरता क्यों की गई?
21 मई को लापता हुआ था गोपाल
जानकारी के मुताबिक, गोपाल शर्मा 21 मई को अचानक लापता हो गया था, परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अगले दिन उसका शव बरामद हुआ, परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद शव के साथ बर्बरता की गई और उसके अंगों को भी क्षत-विक्षत कर दिया गया।
Also Read – “कॉकरोच पार्टी” के समर्थन में उतरा किन्नर अखाड़ा, कहा- डरने की नहीं लड़ने की जरूरत
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में तनाव और गुस्से का माहौल बन गया, मृतक के घर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की, लोगों ने बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर जैसी सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई।
ब्राह्मण समाज में गहरा आक्रोश
घटना को लेकर ब्राह्मण समाज में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है, राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी ने पुलिस प्रशासन से अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली और चेतावनी दी कि यदि तय समय के भीतर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा, उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मामले का तत्काल संज्ञान लेने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
बीजेपी विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने जताया दुःख
इस घटना पर बीजेपी विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने भी गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा: “ग्रेटर नोएडा में मासूम बालक गोपाल शर्मा की जघन्य हत्या से हृदय अत्यंत व्यथित है, इस घटना को अंजाम देने वाले इंसान नहीं कहे जा सकते, वे दरिंदे हैं और उनके साथ दरिंदों जैसी ही कार्रवाई होगी, माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की सरकार इस प्रकरण पर तेजी से कार्रवाई कर रही है।”






