Home Uttarakhand news देहरादून में मतदाता पुनरीक्षण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 1.33 लाख से अधिक...

देहरादून में मतदाता पुनरीक्षण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 1.33 लाख से अधिक गणना प्रपत्र वितरित

109
0

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत देहरादून जिले में मतदाता सत्यापन और पुनरीक्षण कार्य तेजी से जारी है। 8 जून से शुरू हुए इस अभियान में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करने और उन्हें एकत्र करने का कार्य कर रहे हैं।

जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के 1882 मतदेय स्थलों पर संचालित इस अभियान के तहत अब तक 1 लाख 33 हजार 113 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। प्रशासन का दावा है कि अभियान को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संचालित किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

अभियान के दौरान बीएलओ दूरस्थ और दुर्गम गांवों तक पहुंचकर सर्वेक्षण कर रहे हैं। वहीं, जिन घरों में मतदाता उपलब्ध नहीं मिल रहे हैं, वहां सूचना स्टीकर चस्पा कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि संबंधित मतदाता बाद में अपना प्रपत्र जमा कर सकें।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 7 जुलाई तक चलेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते अपने गणना प्रपत्र जमा करें तथा नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो और सही मोबाइल नंबर उपलब्ध कराएं, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है और इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से अभियान को सफल बनाने में जुटा हुआ है।