उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है, पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव किसी भी दल के साथ गठबंधन किए बिना अपने दम पर लड़ेगी। इसके साथ ही पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
आजाद समाज पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 13 जून से 16 जून तक लखनऊ में विधानसभा टिकट के दावेदारों के इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे, पार्टी प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद स्वयं इन इंटरव्यू में मौजूद रहेंगे और उम्मीदवारों का मूल्यांकन करेंगे।
टिकट के दावेदारों को देना होगा इंटरव्यू
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चितौड़ ने बताया कि उम्मीदवारों का इंटरव्यू केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं होगी, बल्कि टिकट वितरण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इंटरव्यू में चंद्रशेखर आजाद के साथ संबंधित जोन प्रभारी, मंडल प्रभारी, भाईचारा कमेटी के पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष भी शामिल होंगे, सभी अधिकारी दावेदारों के बारे में अपनी लिखित रिपोर्ट देंगे, जिसके आधार पर उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया जाएगा।
मंडलवार तय किया गया इंटरव्यू कार्यक्रम
पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 13 जून को सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल के दावेदारों का इंटरव्यू होगा। 14 जून को बरेली, आगरा और अलीगढ़ मंडल के उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया जाएगा वहीं कानपुर, चित्रकूट और झांसी मंडल के प्रतिनिधियों का भी इसी चरण में मूल्यांकन किया जाएगा।
15 जून को लखनऊ, अयोध्या, देवीपाटन, गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के दावेदारों का इंटरव्यू आयोजित होगा, जबकि 16 जून को वाराणसी, मिर्जापुर और प्रयागराज मंडल के संभावित उम्मीदवारों का चयन प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार लिया जाएगा।
शिक्षा और रोजगार होंगे प्रमुख चुनावी मुद्दे
आजाद समाज पार्टी ने संकेत दिए हैं कि विधानसभा चुनाव 2027 में वह शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी, पार्टी ने शराबबंदी और न्यूनतम मजदूरी बढ़ाकर 750 रुपये प्रतिदिन करने का वादा भी किया है, पार्टी का कहना है कि यदि उत्तर प्रदेश में उसकी सरकार बनती है तो रोजगार सृजन और युवाओं के लिए अवसर बढ़ाना उसकी प्राथमिकता होगी, इसके साथ ही सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए चुनावी घोषणापत्र तैयार किया जाएगा।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
चंद्रशेखर आजाद ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सीधे जनता से जुड़ने का आह्वान किया है, उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता चाहती है कि आजाद समाज पार्टी किसी गठबंधन या राजनीतिक बैसाखी के सहारे नहीं, बल्कि अपने दम पर चुनावी मैदान में उतरे।
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आजाद समाज पार्टी की यह रणनीति राज्य की राजनीति में नए समीकरणों को जन्म दे सकती है, अब सभी की नजरें पार्टी के उम्मीदवार चयन और आगामी चुनावी तैयारियों पर टिकी हैं।






