प्रिंस आनंद मौत मामले में तेजस्वी यादव की CBI जांच की मांग, CM सम्राट चौधरी को लिखा पत्र
बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग संस्थानों के विवाद के बीच सामने आए प्रिंस आनंद मौत मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर मामले की CBI जांच कराने की मांग की है, साथ ही उन्होंने राज्य पुलिस की निष्पक्षता और कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं।
तेजस्वी यादव ने उठाए गंभीर सवाल
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में तेजस्वी यादव ने कहा कि पटना में दो कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद के दौरान मारपीट, तोड़फोड़ और गोलीबारी जैसी घटनाएं सामने आई थीं, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे, उन्होंने कहा कि कोचिंग संचालक रोशन आनंद के भाई प्रिंस आनंद की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया है, ऐसे में सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
CBI जांच की मांग
तेजस्वी यादव ने पत्र में लिखा कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस मामले को CBI को सौंपा जाना चाहिए, ताकि निष्पक्ष, गहन और प्रभावी जांच हो सके, उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, उन्होंने यह भी कहा कि प्रिंस आनंद की मौत हत्या है या हादसा, यह जांच का विषय है, लेकिन शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े विवाद में हिंसा, गोलीबारी और मौत जैसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।
रोशन आनंद ने लगाए गंभीर आरोप
इस बीच कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु’ के संचालक रोशन आनंद ने जेल से बाहर आने के बाद कई गंभीर आरोप लगाए हैं, उन्होंने दावा किया कि उनके भाई की हत्या कराई गई है और उनकी खुद की जान को भी खतरा है, रोशन आनंद ने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने कुछ व्यक्तियों पर साजिश रचने के आरोप भी लगाए हैं।
Also Read – रामगोपाल यादव का BJP पर तीखा प्रहार, बोले- संविधान और लोकतंत्र दोनों खतरे में
नेपाल में मिली थी प्रिंस आनंद की लाश
जानकारी के अनुसार, कोचिंग विवाद के बाद प्रिंस आनंद के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी और वह नेपाल में रह रहा था, इसी दौरान नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि घटना से पहले उसने अत्यधिक शराब का सेवन किया था।
नेपाल पुलिस की जांच जारी
प्रिंस आनंद की मौत के मामले में नेपाल पुलिस ने उसके साथ मौजूद पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन, निजी सामान और कमरे से बरामद दवाइयों को जांच के लिए जब्त किया है, फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है वहीं, मामले में बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच CBI जांच की मांग भी जोर पकड़ती नजर आ रही है।






