‘सिस्टम फेल हो चुका है’… अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, पेपर लीक के खिलाफ शुरू करेंगे ‘Vision India’ आंदोलन
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़ा राजनीतिक अभियान शुरू करने का ऐलान किया है, उन्होंने ‘Vision India’ नाम से एक नए आंदोलन की घोषणा करते हुए कहा कि बार-बार पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने से देश की पूरी व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
29 जून को प्रयागराज से होगी शुरुआत
अखिलेश यादव ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 29 जून को प्रयागराज में आयोजित होने वाले पहले सम्मेलन से होगी, सम्मेलन का विषय ‘शिक्षा-परीक्षा: क्यों ध्वस्त हुई व्यवस्था’ रखा गया है, जिसमें शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
‘युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है’
सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में देश के युवाओं को हर मोर्चे पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक, परीक्षाओं का रद्द होना, सरकारी नौकरियों के रिक्त पदों को लंबे समय तक न भरना और मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है, उनके अनुसार, इन परिस्थितियों के कारण बेरोजगारी बढ़ी है और केवल छोटे सुधारों से समस्या का समाधान संभव नहीं है।
‘Vision India’ अभियान के तीन प्रमुख लक्ष्य
अखिलेश यादव ने बताया कि यह अभियान तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित होगा—
- Plan
देश के सामने मौजूद चुनौतियों की पहचान कर उनके समाधान की रूपरेखा तैयार करना।
- Develop
संवाद और सहयोग के माध्यम से व्यावहारिक समाधान विकसित करना, ताकि विकास की प्रक्रिया को गति मिल सके।
- Ascent
नई तकनीक और नवाचार का उपयोग कर भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास करना।
समानता और न्याय पर रहेगा जोर
अखिलेश यादव ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल शिक्षा या रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा समाज तैयार करना है जहां सभी नागरिकों को समान अवसर मिलें, उन्होंने कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे जैसे संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करना इस आंदोलन की प्राथमिकता होगी, साथ ही उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषज्ञों और युवाओं से इस पहल का हिस्सा बनने की अपील की।
राजनीतिक महत्व भी माना जा रहा
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश और देश में युवाओं के बीच रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मुद्दे लगातार चर्चा में रहे हैं, ऐसे में ‘Vision India’ अभियान को इन मुद्दों पर केंद्रित एक राजनीतिक पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।
अब सभी की नजर 29 जून को प्रयागराज में होने वाले पहले सम्मेलन पर रहेगी, जहां इस अभियान की रूपरेखा और आगे की रणनीति सामने आ सकती है।






