उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने की सख्त चेतावनी दी है। रविवार को आगरा मंडल में विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था और लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण या अन्य विकास कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित इंजीनियरों और ठेकेदारों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाए।
मंडलायुक्त सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन, अमृत योजना और अन्य परियोजनाओं के तहत सड़कों की खुदाई के बाद उनका पुनर्निर्माण निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आगरा को मिले विश्वस्तरीय सुविधाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा को मेट्रो शहर बताते हुए कहा कि यहां पेयजल, सड़क, सीवर और सौंदर्यीकरण जैसी मूलभूत सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर की होनी चाहिए, उन्होंने जनप्रतिनिधियों से स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने को कहा।
उन्होंने ‘ई-विश्वकर्मा-2.0’ पोर्टल पर अपलोड किए गए प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति और धनराशि जारी करने के निर्देश भी दिए। आगरा जिले में करीब 2,791 करोड़ रुपये की लागत से 495 विकास कार्य प्रस्तावित हैं।
ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों पर लगेगी रोक
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर ट्रक और डंपर जैसे भारी वाहनों के संचालन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि इन वाहनों के कारण सड़कें समय से पहले क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। ऐसे मामलों में जिम्मेदार वाहन मालिकों से नुकसान की भरपाई के लिए हर्जाना वसूला जाएगा।
एयरपोर्ट विस्तार और सड़क परियोजनाओं की बाधाएं दूर करने के निर्देश
बैठक में आगरा एयरपोर्ट विस्तार, नए पुलों के निर्माण और सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं में एनजीटी एवं सुप्रीम कोर्ट से जुड़ी कानूनी अड़चनों पर भी चर्चा हुई, मुख्यमंत्री ने इन मामलों के समाधान के लिए वरिष्ठ अधिवक्ताओं का पैनल गठित करने के निर्देश दिए। जहां पुराने पेड़ों के कारण परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं, वहां वैकल्पिक मार्ग तैयार करने को कहा गया।
अवैध खनन और छुट्टा पशुओं पर भी सख्ती
मुख्यमंत्री ने अवैध खनन और छुट्टा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए राजस्थान और मध्य प्रदेश के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए, इसके अलावा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के निर्माण को नई तकनीक के साथ प्राथमिकता देने और दयालबाग-खंदौली बाईपास, यमुना पुल तथा एत्मादपुर बाईपास जैसी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, महिला कल्याण मंत्री बेबीरानी मौर्य, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश में सभी विकास कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएंगे ताकि आगरा को एक आधुनिक और विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित किया जा सके।






