भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों का औपचारिक आगाज़ कर दिया है, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लखनऊ में आयोजित सांसदों और विधायकों की बैठक में जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का संदेश दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।
विपक्ष पर साधा निशाना
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की विचारधारा ‘नेशन फर्स्ट’ पर आधारित है, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास विकास का कोई ठोस एजेंडा नहीं बचा है, इसलिए वह जातीय राजनीति और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है, उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे किसी भी नैरेटिव में न फंसने और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
योगी सरकार के कामों का किया उल्लेख
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को माफिया राज और अराजकता से बाहर निकालकर कानून व्यवस्था और सुशासन का मॉडल बनाया है उनके मुताबिक, राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ है और इसकी चर्चा देशभर में हो रही है।
सांसद-विधायकों को दिया चुनावी संदेश
नितिन नवीन ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से संवाद करें, उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के करोड़ों लाभार्थियों से लगातार संपर्क बनाए रखना जरूरी है, ताकि सरकार के प्रति समर्थन मतदान में भी परिवर्तित हो सके।
Also Read – किसानों की डिजिटल पहचान की ओर तेजी से बढ़ रहा उत्तर प्रदेश
उन्होंने कहा कि अगले सात से आठ महीने संगठन और जनप्रतिनिधियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, यदि सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरते हैं तो भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
सीएम योगी ने बूथ स्तर पर तैयारी का दिया निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में कहा कि 2027 का चुनाव जीतने के लिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा, उन्होंने कहा कि अगले छह महीने जनसंपर्क अभियान और सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिहाज से सबसे अहम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है, साथ ही उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, उन्होंने सांसदों और विधायकों से चयनित युवाओं और उनके परिवारों से संपर्क बढ़ाने की भी अपील की।
पंकज चौधरी बोले- बूथ तक पहुंचे चुनावी संदेश
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक अभियान की शुरुआत है, उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को हर मतदाता तक पहुंचाने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया।






