भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक जड़ दिया। वैभव ने महज 19 गेंदों में 4 छक्के और 4 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया और अपनी तूफानी पारी से आलोचकों को करारा जवाब दिया।
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में वैभव कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, जिसके बाद उनकी टीम में जगह को लेकर सवाल उठने लगे थे। आलोचक लगातार उनके चयन पर निशाना साध रहे थे, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ वैभव ने अपने बल्ले से सभी सवालों का जवाब दे दिया।
वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी की बदौलत भारतीय टीम ने पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 126 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय टीम ने महज 14 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
