उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में ई-कॉमर्स क्षेत्र की अग्रणी कंपनी फ्लिपकार्ट अपनी भागीदारी और मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद फ्लिपकार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कल्याण कृष्णमूर्ति ने राज्य के साथ कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि फ्लिपकार्ट उत्तर प्रदेश के एआई विजन और एमएसएमई इकोसिस्टम के विस्तार में सक्रिय साझेदार की भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश, डिजिटल कारोबार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
15 वर्षों की साझेदारी, यूपी की प्रगति की सराहना
बैठक के बाद कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा कि फ्लिपकार्ट पिछले 15 वर्षों से उत्तर प्रदेश में कारोबार कर रहा है और इस दौरान राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, ग्राहकों की संख्या और विक्रेताओं के नेटवर्क में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने फ्लिपकार्ट को अपने विकास के विजन का भागीदार बनाया है, जिसके लिए कंपनी आभारी है।
मुख्यमंत्री के एआई विजन में साझेदार बनेगा फ्लिपकार्ट
कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर तेजी से काम हो रहा है। फ्लिपकार्ट राज्य के एआई आधारित विकास मॉडल का हिस्सा बनना चाहता है और इस दिशा में सरकार के साथ मिलकर काम करेगा।
यूपी के अधिक एमएसएमई को मिलेगा ऑनलाइन बाजार
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के अधिक से अधिक एमएसएमई को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। इस पर फ्लिपकार्ट ने सकारात्मक सहमति जताते हुए इसे अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने का भरोसा दिया।
कृष्णमूर्ति ने बताया कि फ्लिपकार्ट देश में एमएसएमई के लिए सबसे बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म में से एक है, जहां 5 लाख से अधिक एमएसएमई कारोबार कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश के उद्यमियों की भी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के और अधिक उद्यमों को फ्लिपकार्ट से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के विकास में जारी रहेगा सहयोग
फ्लिपकार्ट के सीईओ ने कहा कि पिछले डेढ़ दशक में उत्तर प्रदेश ने व्यापारिक माहौल और डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। कंपनी राज्य के साथ अपनी दीर्घकालिक साझेदारी को और मजबूत करते हुए निवेश, तकनीक और रोजगार सृजन के माध्यम से उत्तर प्रदेश के विकास में निरंतर योगदान देती रहेगी।
