लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 6 अगस्त को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर डीनोटिफाइड, नोमैडिक एवं सेमी-नोमैडिक ट्राइब्स समाज के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इस दौरान घुमंतू समाज के प्रतिनिधि उत्तर प्रदेश घुमंतू विकास बोर्ड के गठन के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करेंगे और उनका स्वागत एवं सम्मान करेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समाज के लोगों को संबोधित करेंगे। इस दौरान घुमंतू समाज के सामाजिक और आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही, समुदाय की समस्याओं, सरकारी योजनाओं की पहुंच और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है।
कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के साथ समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। घुमंतू विकास बोर्ड के गठन के बाद मुख्यमंत्री और इस समाज के प्रतिनिधियों के बीच होने वाली यह पहली महत्वपूर्ण बैठक मानी जा रही है।
सामाजिक-आर्थिक उत्थान पर रहेगा फोकस
उत्तर प्रदेश सरकार ने विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश घुमंतू विकास बोर्ड का गठन किया है। बोर्ड के माध्यम से इन समुदायों की पहचान और सूचीकरण, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने, उनकी समस्याओं के समाधान और नीतिगत सुझाव देने की दिशा में काम किया जाएगा।
इसके अलावा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर घुमंतू समाज को शिक्षा, रोजगार, आवास, सामाजिक सुरक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर रहेगा। मुख्यमंत्री के साथ होने वाले संवाद को इस समुदाय की समस्याओं और अपेक्षाओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने के महत्वपूर्ण अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।