संतकबीरनगर में CM योगी का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘चार बार सरकार में रहकर भी कुछ नहीं किया’
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा, उन्होंने पिछली सरकारों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, मुख्यमंत्री संतकबीरनगर में 684 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 201 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे, अपने संबोधन में सीएम योगी ने पूर्वांचल में कभी दिमागी बुखार को लेकर रहे डर, कानून-व्यवस्था, त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और गरीबों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं का जिक्र किया।
‘बारिश आते ही हर मां को सताता था डर’
मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल के पुराने हालात को याद करते हुए कहा कि बारिश का मौसम आते ही संतकबीरनगर, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, देवरिया, गोंडा और बलरामपुर समेत कई जिलों में दिमागी बुखार का डर बढ़ जाता था, उन्होंने कहा कि हर मां को चिंता रहती थी कि कहीं उसका बच्चा इस बीमारी की चपेट में न आ जाए। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस इस समस्या का प्रभावी समाधान नहीं कर सकी उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चार बार सरकार बनाने के बावजूद सपा ने इस बीमारी की रोकथाम के लिए पर्याप्त काम नहीं किया मुख्यमंत्री के मुताबिक, डबल इंजन सरकार के आने के बाद दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण किया गया और लोगों को बड़ी राहत मिली।
कानून-व्यवस्था पर बोले- ‘अब लोगों के दिलों से डर खत्म’
सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी पिछली सरकारों पर हमला बोला, उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों से पहले प्रशासन और सरकार को मेंहदावल, बखिरा और खलीलाबाद जैसे इलाकों में खुद मौजूद रहना पड़ता था, मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गापूजा के पंडाल, मूर्ति विसर्जन और रामनवमी की शोभायात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मौके पर मौजूद रहना जरूरी होता था, उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदल गई है और लोग बिना डर के त्योहार मना रहे हैं, सीएम योगी ने कहा कि अब लखनऊ में बैठकर भी यह देखा जा सकता है कि दुर्गा पूजा के पंडाल और मूर्तियां सुरक्षित हैं, उनके मुताबिक, प्रदेश में लोगों के दिलों से डर का माहौल खत्म हुआ है।
तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज सरकार के पास विकास कार्यों के लिए बजट है, भगवान शिव के प्रति आस्था है और प्रदेश की विरासत को सम्मान देने की सोच भी है, विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले भी पैसे की कमी नहीं थी, लेकिन विकास की प्राथमिकताएं अलग थीं, उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में जनता के पैसे का इस्तेमाल केवल कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल बनाने जैसे कार्यों में किया जाता था।
95 हजार गरीब परिवारों को मिला पक्का मकान
संतकबीरनगर में सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के करीब 95 हजार गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, उन्होंने बताया कि जिले में करीब साढ़े तीन लाख घरों में शौचालय बनाए गए हैं वहीं, तीन लाख से अधिक किसानों के खातों में हर साल किसान सम्मान निधि की राशि भेजी जा रही है, इसके अलावा बुजुर्गों, दिव्यांगों और अन्य जरूरतमंद लोगों को नियमित पेंशन दिए जाने का भी मुख्यमंत्री ने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में करीब 1.10 करोड़ परिवारों को पेंशन योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।
‘काम पूरा करने के लिए सही नीयत और इच्छाशक्ति जरूरी’
सीएम योगी ने कहा कि किसी भी विकास कार्य को पूरा करने के लिए केवल संसाधन ही नहीं, बल्कि सही नीयत और इच्छाशक्ति भी जरूरी होती है, उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में विकास, सुरक्षा और गरीबों के कल्याण को सुनिश्चित करना है, संतकबीरनगर में 684 करोड़ रुपये से अधिक की 201 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास इसी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






