उत्तर प्रदेश की सियासत में आजम खान को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव के उस बयान पर यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के नेता संजय निषाद ने तीखा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सपा की सरकार बनने पर आजम खान को गृहमंत्री बनाया जाएगा, संजय निषाद ने शिवपाल यादव के इस दावे को ‘मुंगेरी लाल के हसीन सपने’ करार दिया और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।
‘जब सत्ता में थे, तब बनाया नहीं’
आजम खान को गृहमंत्री बनाए जाने के सवाल पर संजय निषाद ने कहा कि यह सिर्फ सपना है, उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब समाजवादी पार्टी सत्ता में थी, तब आजम खान को ऐसा पद क्यों नहीं दिया गया, संजय निषाद ने आरोप लगाया कि अब चुनाव के समय आजम खान के नाम का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ और वोट हासिल करने के लिए किया जा रहा है, उन्होंने यह भी कहा कि आजम खान लंबे समय से जेल में हैं और उनके साथ अन्याय की बात करने वाली सपा ने अपने कार्यकाल में उनके लिए क्या किया, इस पर भी सवाल उठना चाहिए।
शिवपाल यादव ने क्या कहा था?
Also Read – बिहार में शराबबंदी पर सरकार सख्त, शराब कंपनियों पर भी होगी FIR
दरअसल, समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव हाल ही में जेल में बंद पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात करने पहुंचे थे, मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि अगर 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो आजम खान को गृहमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी जाएगी, शिवपाल यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर 2027 में सपा की सरकार बनाने का आह्वान भी किया।
2027 को लेकर सियासी बयानबाजी तेज
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां और बयानबाजी तेज हो रही है, आजम खान को लेकर शिवपाल यादव के बयान के बाद अब संजय निषाद के पलटवार ने सियासी चर्चा को और गर्म कर दिया है, एक तरफ सपा अपने वरिष्ठ नेता आजम खान के समर्थन में राजनीतिक संदेश दे रही है, तो दूसरी तरफ बीजेपी की सहयोगी निषाद पार्टी के नेता संजय निषाद इस दावे को लेकर सपा पर निशाना साध रहे हैं, अब देखना होगा कि आजम खान को लेकर शुरू हुई यह सियासी बयानबाजी 2027 के चुनावी माहौल में किस तरह आगे बढ़ती है।

