वाराणसी में बुर्का पहनकर बाइक पर निकले दो युवक, पुलिस ने रोका तो सामने आई रील की कहानी
वाराणसी में बुर्का और नकाब पहनकर बाइक पर निकले दो युवकों को देखकर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा, मलदहिया चौराहे पर पुलिस ने बाइक रोककर पूछताछ की और दोनों को थाने ले गई, लेकिन जांच के बाद जो कहानी सामने आई, वह किसी बड़ी साजिश की नहीं, बल्कि रील बनाने की तैयारी की निकली।
तिरंगा यात्रा के बीच पुलिस ने रोकी बाइक
मामला 13 अगस्त का बताया जा रहा है। मलदहिया चौराहे पर तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी, इसी दौरान पुलिस की नजर एक बाइक पर पड़ी, जिस पर दो युवक सवार थे, पीछे बैठे युवक ने बुर्का और नकाब पहन रखा था और ऊपर से चश्मा भी लगा रखा था, पुलिस को यह पहनावा संदिग्ध लगा। बाइक रुकवाकर दोनों युवकों से पूछताछ शुरू की गई, मौके पर लोगों की भीड़ जुटने के बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई।
12वीं के छात्र निकले दोनों युवक
Also Read – सोनम वांगचुक का बड़ा ऐलान, देश में ‘दूसरे स्वतंत्रता आंदोलन’ का आह्वान
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि दोनों युवक 12वीं कक्षा के छात्र हैं, दोनों बुर्का और नकाब पहनकर इमलिया घाट की तरफ जा रहे थे,पुलिस के अनुसार, उनका मकसद वहां प्रैंक रील और वीडियो शूट करना था बुर्का, नकाब और चश्मा उनके वीडियो के लुक का हिस्सा थे, जांच के दौरान पुलिस को दोनों युवकों के पास से कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला, इसके बाद उनके परिजनों को थाने बुलाया गया और पूछताछ के बाद दोनों छात्रों को छोड़ दिया गया।
रील के चक्कर में बाइक हुई सीज
हालांकि, मामले में बाइक को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की पुलिस के मुताबिक बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था, इसके चलते पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया, मामले में एसीपी चेतगंज और इंटेलिजेंस से जुड़े अधिकारियों ने भी दोनों छात्रों से पूछताछ की पुलिस ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।
पूछताछ का वीडियो हुआ वायरल
पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में पुलिसकर्मी बुर्का पहने युवक से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं, वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच यह सवाल चर्चा में रहा कि आखिर बुर्का पहनकर बाइक पर घूम रहा युवक कौन है और पुलिस ने उसे क्यों रोका, जांच के बाद तस्वीर साफ हुई कि दोनों छात्र सोशल मीडिया के लिए कंटेंट बनाने की तैयारी में थे, यानी जिस मामले ने सड़क पर पुलिस और लोगों का ध्यान खींचा, उसके पीछे कोई बड़ी साजिश नहीं बल्कि रील बनाने का प्लान था हालांकि, मॉडिफाइड साइलेंसर की वजह से छात्रों की बाइक पुलिस के पास जरूर रह गई।

