महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। श्यामदेउरवा थाना पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवाओं के 4,350 इंजेक्शन, एक पिकअप वाहन और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी संगठित गिरोह के जरिए इन दवाओं को नेपाल पहुंचाने की तैयारी में थे।
महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में श्यामदेउरवा थाना पुलिस और SOG की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि गोरखपुर के पिपराइच के रास्ते एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं नेपाल भेजी जा रही हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पिपराइच-परतावल मार्ग पर बसहिया मोड़ के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर उसमें सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर कागज के गत्तों में छिपाकर रखे गए प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार बरामद नशीली दवाओं में Cerejack Diazepam Injection के 2,000 एम्पुल और Buprenorphine Injection के 2,350 एम्पुल शामिल हैं। कुल 4,350 एम्पुल बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाकिर हुसैन, गोविंद प्रसाद और सचिन के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह के जरिए भारत-नेपाल सीमा पर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी करने की जानकारी दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मुताबिक इन दवाओं की सप्लाई बिहार के टिंकवल उर्फ पिकन नामक व्यक्ति के जरिए की जाती थी। पुलिस के अनुसार व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से दवाओं के ऑर्डर लिए जाते थे और इसके बाद सप्लाई की जाती थी। श्यामदेउरवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के साथ-साथ नशीली दवाओं की सप्लाई चेन का भी पता लगाया जा रहा है।

